Sado ASR v1: कई भाषाओं में आवाज़ से टेक्स्ट बनाने के लिए अर्ली ऐक्सेस

VoiceLab के Sado ASR v1 का कवर

जिस दिन हमने Navoiy TTS जारी किया, उसी दिन डेवलपर उसे आज़माने लगे। आज हम Sado ASR v1 का अर्ली ऐक्सेस शुरू कर रहे हैं। Navoiy TTS बोलता है। Sado ASR v1 सुनता है। इसे कोई रिकॉर्डिंग दें और यह जो सुनता है, उसे लिख देता है।

हमने OpenAI के Whisper large-v3 से शुरुआत की और ट्रेनिंग में उज़्बेक, अंग्रेज़ी और रूसी पर खास ध्यान दिया। अर्ली ऐक्सेस के मॉडल कार्ड में उज़्बेक की जानकारी दी गई है। हम 33 भाषाओं में बोली पहचानने पर काम कर रहे हैं और शुरुआत उज़्बेक से कर रहे हैं।

हम Sado को अभी से क्यों साझा कर रहे हैं?

VoiceLab में हम एआई पर शोध करते हैं और उज़्बेक भाषा के लिए कुछ करना चाहते हैं। इंटरनेट पर हमें उज़्बेक की ज़्यादातर सामग्री मानक भाषा में मिलती है। अलग-अलग इलाक़ों में एक ही शब्द का उच्चारण बदल सकता है। हम चाहते हैं कि मॉडल इन फ़र्क़ों को बेहतर समझें। अर्ली ऐक्सेस से पता चलेगा कि हमारे अपने टेस्ट से बाहर की रिकॉर्डिंग में Sado किन शब्दों पर चूकता है।

Sado ASR v1 असल में कैसे काम करता है?

ऊपर हमने कहा कि Sado सुनता है। आप ऑडियो भेजते हैं और Sado बदले में टेक्स्ट देता है। इन दोनों के बीच क्या होता है? आइए एक-एक कदम देखें।

  1. ऑडियो किसी उपयोगकर्ता या दूसरे प्रोग्राम से आ सकता है। प्रोग्राम WAV जैसी फ़ाइल खोलता है और उसमें मौजूद ध्वनि तरंग को संख्याओं की एक शृंखला के रूप में पढ़ता है। अगर रिकॉर्डिंग स्टीरियो है, तो उसके दोनों चैनल मिलाकर एक किए जा सकते हैं।
  2. हम ऑडियो की सैंपलिंग दर 16 kHz पर लाते हैं। यानी एक सेकंड की आवाज़ को 16,000 मानों में लिखते हैं। लंबी रिकॉर्डिंग को प्रोग्राम हिस्सों में बाँट सकता है। फिर हम हर हिस्से की जाँच के लिए और छोटे टुकड़े लेते हैं। ये टुकड़े एक-दूसरे पर थोड़ा चढ़ते हैं। इन्हें फ़्रेम कहते हैं।
  3. स्पेक्ट्रोग्राम को आवाज़ की तस्वीर समझिए। बाएँ से दाएँ समय आगे बढ़ता है। कम फ़्रीक्वेंसी नीचे होती हैं और ज़्यादा फ़्रीक्वेंसी ऊपर। हर खाने में दिखता है कि उस समय उस फ़्रीक्वेंसी की पट्टी में आवाज़ कितनी तेज़ थी। Whisper large-v3 के लिए ऐसी तस्वीर 128 फ़्रीक्वेंसी पट्टियों से बनती है। इसका तकनीकी नाम लॉग-मेल स्पेक्ट्रोग्राम है।
  4. यहाँ से मॉडल का काम शुरू होता है। एनकोडर स्पेक्ट्रोग्राम पढ़ता है और उसकी जानकारी ऐसे रूप में बदलता है जिसे मॉडल का अगला हिस्सा इस्तेमाल कर सके। किसी आवाज़ को पहचानने में उसके आसपास की आवाज़ें भी मदद करती हैं।
  5. डिकोडर अनुमान लगाता है कि टेक्स्ट का अगला टोकन क्या होगा। टोकन पूरा शब्द, शब्द का एक हिस्सा या विराम चिह्न हो सकता है। यह काम एक-एक टोकन करके चलता है। इन्हें जोड़ने पर वही टेक्स्ट बनता है जो आपको स्क्रीन पर दिखता है।

मॉडल को सिखाने में क्या मुश्किल है?

एक रिकॉर्डिंग लें। उसके साथ लिखे टेक्स्ट में ठीक वही होना चाहिए जो बोलने वाले ने कहा। ट्रेनिंग के समय मॉडल अगले टोकन का अनुमान लगाता है। हम उस अनुमान को सही टेक्स्ट से मिलाकर मॉडल के पैरामीटर बदलते हैं। यही काम हम बहुत-सी रिकॉर्डिंग पर दोहराते हैं। उज़्बेक बोलियों या कम रिकॉर्डिंग वाली भाषाओं के मामले में अलग-अलग लोगों की आवाज़ ढूँढने और हर रिकॉर्डिंग को ठीक से लिखने में ही काफ़ी समय लग जाता है।

फिर जाँच शुरू होती है। अगर मॉडल किसी शब्द को बार-बार गलत लिखता है, तो पहले हम रिकॉर्डिंग सुनते हैं। बोलने वाले ने वह शब्द कैसे कहा? आसपास शोर था? जाँच के लिए लिखा गया टेक्स्ट सही है? हम दूसरी रिकॉर्डिंग में भी उसी शब्द को देखते हैं। इससे समझना आसान हो जाता है कि मॉडल कहाँ और क्यों चूक रहा है।

VoiceLab में हम इस प्रक्रिया को और अच्छी तरह समझने की कोशिश कर रहे हैं। अगर हमें पता चले कि किस कदम पर मेमोरी या गणना की ज़रूरत कम की जा सकती है, तो ऐसे मॉडल को छोटे उपकरणों पर चलाने के एक कदम और करीब पहुँचेंगे।

मैं ऐक्सेस के लिए अनुरोध कैसे करूँ?

Hugging Face में साइन इन करें और मॉडल के पेज पर ऐक्सेस का अनुरोध करें। हम हर अनुरोध खुद देखते हैं। अर्ली ऐक्सेस गैर-व्यावसायिक शोध और निजी इस्तेमाल के लिए है। मंज़ूरी मिलने के बाद उसी खाते से Hugging Face CLI में साइन इन करें और फ़ाइलें डाउनलोड करें। Hugging Face पर ऐक्सेस का अनुरोध करें

bash

hf auth login
hf download aisha-org/sado-asr-v1 --local-dir ./sado-asr-v1

मॉडल कार्ड में Python का एक उदाहरण है। model_dir में वह फ़ोल्डर दें जिसमें आपने मॉडल डाउनलोड किया है और audio_path में अपनी रिकॉर्डिंग का पता दें। शुरुआत के लिए 30 सेकंड तक की उज़्बेक WAV रिकॉर्डिंग लें, जिसे आप अच्छी तरह जानते हों। अपनी बोली की कोई रिकॉर्डिंग भी आज़माएँ। Sado ASR v1 मॉडल कार्ड

Sado कहाँ चूक सकता है?

Sado कभी किसी नाम को गलत लिख देता है, तो कभी कोई शब्द छोड़ देता है। आसपास शोर हो, कई लोग एक साथ बोलें या बातचीत के बीच भाषा बदल जाए, तो गलतियाँ बढ़ सकती हैं। कोई नाम, संख्या या समय ज़रूरी हो, तो रिकॉर्डिंग का वह हिस्सा फिर से सुन लें।

निष्कर्ष

Sado आज़माएँ, तो हमें बताएँ कि आपने क्या सुना और मॉडल ने क्या लिखा। हमें खास तौर पर यह जानना है कि वह आपकी बोली में किन शब्दों पर चूकता है। इसे आज़माने के लिए धन्यवाद।

स्रोत